Singrauli Waidhan Free Drinking Water: बस स्टैंड, सरकारी कार्यालयों और चौक-चौराहों पर प्यासों को नहीं मिल रहा पानी, बोतलबंद पानी खरीदने को मजबूर लोग

Singrauli Waidhan Free Drinking Water: अप्रैल माह की दस तारीख हो गई है, लेकिन जिले में अभी तक लोगों की प्यास बुझाने के लिए सार्वजनिक स्थानों पर प्याऊ नहीं खोले जा सके हैं। बस स्टैंड, चौक-चौराहों और अन्य सार्वजनिक जगहों पर पानी पीने के लिए प्याऊ न खुलने से बाहर से आने वाले लोगों को या तो खरीदकर पानी पीना पड़ रहा है या हैंडपंपों, कुओं से पानी पीने के लिए मजबूर हो रहे हैं। सार्वजनिक स्थानों के अलावा सरकारी कार्यालय कलेक्ट्रेट, नगर निगम, तहसील, मंडी आदि जगहों पर भी प्याऊ नहीं शुरू हो पाया है। इन जगहों पर आने वाले लोग पानी के लिए भटकते रहते हैं। सार्वजनिक स्थानों पर प्याऊ खोलने की जिम्मेदारी नगर निगम की रहती है, लेकिन जिम्मेदार लोगों द्वारा अभी तक प्याऊ खोलने की शुरुआत नहीं की गई है। मजबूरन लोग सूख रहे गले को तर करने के लिए बोतलबंद पानी खरीद रहे हैं।

दूषित पानी पीने की मजबूरी

बस स्टैंड, तहसील आदि जगहों पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आना-जाना होता है। इन जगहों पर ठंडे पानी की व्यवस्था न होने से लोग खरीदकर पानी पीने को मजबूर होते हैं। लोगों की मजबूरी का फायदा कुछ दुकानदार उठा रहे हैं और एक्सपायरी डेट का पानी का पाउच लोगों को दे रहे हैं। पानी के पाऊच में डेट तक नहीं लिखी रहती है। लोगों के पास कोई दूसरा विकल्प न होने की वजह से पाउच का दूषित पानी पीना पड़ रहा है।

घर से पानी लेकर आते हैं लोग

गांव-देहात से बाजार करने या फिर सरकारी कार्यालयों में अपने काम के लिए जो लोग आते हैं, ज्यादातर लोग घर से पानी लेकर आते हैं। लोगों का कहना है कि ठंडा पानी न मिलने से उनको मजबूरी में घर से पीने के लिए पानी लेकर आना पड़ता है। तहसील कार्यालय में वाटर कूलर लगा हुआ है, लेकिन वह बंद पड़ा हुआ है, पानी की जगह वाटर कूलर से हवा निकलती है।

सामाजिक संगठन भी नहीं आए आगे

गर्मी के सीजन में लोगों को पीने के पानी के लिए परेशान न होना पड़े, इसके लिए जिले के समाजसेवी संगठन भी आगे आते हैं। समाजसेवी संगठनों द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर अपने से प्याक खोला जाता है और सेवा भाव से लोगों को पीने के लिए ठंडा पानी उपलब्ध करवाया जाता है। इस साल अप्रैल माह आधा बीतने को आया है, लेकिन अभी तक समाजसेवी संगठनों द्वारा भी सार्वजनिक स्थानों पर प्याऊ की शुरुआत नहीं की जा सकी है।

क्या कहते हैं लोग

इस स्टैंड में अन्य मूलभूत सुविधाओं के अलावा पीने के लिए पानी भी उपलब्ध नहीं रहता है। गर्मी के सीजन में दूरदराज जगहों से आने वाले लोगों को ठंडा पानी मिले, इसके लिए प्याऊ खोला जाना चाहिए।

– उमेश पनिका, माहा

शादी विवाह का सीजन शुरू होने जा रहा है, गांव- देहात से लोग बाजार में खरीदी करने के लिए आते हैं। दूरदराज से आने वाले लोगों को पीने के लिए ठंडा पानी मिले, इसके लिए सार्वजनिक जगहों पर प्याऊ खोला जाना चाहिए।

– विनोद शाह, बैढ़न 

बस स्टैंड हो या अन्य सार्वजनिक जगह, पीने के लिए साफ पानी नहीं मिलता है। गर्मी में प्यास अधिक लगती है, लिहाजा सार्वजनिक जगहों पर पीने के पानी की व्यवस्था होगी चाहिए, ताकि पाउच का दूषित पानी न पीना पड़े।

– शिवदयाल दुबे, बिलौंजी

ये भी पढ़े-

PM Vidyalakshmi Yojana: आर्थिक तंगी नहीं बनेगी बाधा, प्रधानमंत्री विद्यालक्ष्मी योजना से पूरे होंगे उच्च शिक्षा के सपने

Singrauli College: कॉलेजों में आयोजित की जाएगी सम्राट विक्रमादित्य सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता

Leave a Comment