MP Dindori News: डिंडोरी के गाड़ासरई थाना क्षेत्र के किकरा तालाब गांव के पास तेज रफ्तार कैप्सूल वाहन ने 5 लोगों को रौंद दिया। हादसे में पांचों की दर्दनाक मौत हो गई, इनमें दो बाप-बेटे भी हैं। हादसे के बाद भाग रहे ट्रक के चालक रमेश पटेल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में उसने बताया कि वो करेंजिया से सीमेंट लेकर शहडोल जा रहा था।
पुलिस के अनुसार परसवाह गांव के रहने वाले सभी लोग सिलयारी गांव से चौक कार्यक्रम से लौट रहे थे। इसी दौरान जबलपुर-अमरकंटक नेशनल हाईवे पर शनिवार की रात करीब 1 बजे तालाब गांव के पास पिकअप का टायर पंचर हो गया। जिसके बाद गाड़ी को सड़क किनारे लगाकर ड्राइवर पंचर टायर बदल रहा था।
पिकअप में बैठे लोग भी उतरकर सड़क किनारे बैठ गए। इस दौरान वे आपसी बातचीत में लगे थे तभी अमरकंटक की ओर से आ रहा तेज रफ्तार कैप्सूल 5 लोगों को रौंदते हुए गुजर गया। इस दौरान दो लोग करीब 10 फीट तक उछल गए। इस दर्दनाक हादसे में जहां 5 लोगों की मौत हुई, वहीं एक अन्य ग्रामीण उदय प्रताप 20 पिता कन्हैया को हल्की चोटें आई हैं। उसे गाड़ासरई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना में पवन कुमार मरावी 32 वर्ष, विशाल सिंह धुर्वे 58 वर्ष, राजकरण बनवासी 30 वर्ष, बिहारी सिंह उद्दे 31 वर्ष एवं पवन सिंह उद्दे 52 वर्ष की मृत्यु हो गई
सीएम ने दी आर्थिक सहायता
कलेक्टर अंजू भदौरिया और एसपी वाहिनी सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचीं। जहां मृतकों के परिजनों से मुलाकात की। घटना को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को 4.50-4.50 लाख की सहायता के निर्देश दिए हैं।
ये भी पढ़े-
Singrauli Waidhan News: तेज रफ्तार ऑटो ने बाइक को टक्कर मारी, दो घायल
Singrauli Waidhan News: महुआगांव में नहाते समय नदी के गहरे पानी में डूबने से युवक की मौत