Singrauli NCL Ground Bilonji: शुक्रवार को हुई बैंक डकैती का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि शनिवार सुबह वैढ़न कोतवाली थाना क्षेत्र हत्या की वारदात से फिर दहल गया। जमीन संबंधी विवाद के चलते धारदार हथियार से राजेश शाह नामक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई और उसकी पत्नी को गंभीर रुप से घायल कर दिया गया। घायल पत्नी श्रीमती शाह को इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया है।
बताया जा रहा है कि (Singrauli Rajesh Shah Murder Case) राजेश शाह पिता शिवप्रसाद शाह (30) का विवाद अपने भाइयों और किरायेदारों से चल रहा था। शनिवार सुबह फिर से कहासुनी हुई। इसके बाद भाइयों और किरायेदारों ने मिलकर राजेश के घर में घुसकर उस पर हमला बोल दिया। हमले में राजेश के सिर पर धारदार हथियार से प्रहार किया गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

लगातार वारदात से शहर के लोगों में दहशत
दो दिनों के अंदर एक के बाद एक हुई आपराधिक वारदातों से शहर के लोगों में दहशत व्याप्त हो गई है। लोग अब खुद को सुरक्षित नहीं मान रहे हैं। शनिवार को निर्मम हत्या के चलते घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए थे। लोगों का कहना था कि पुलिस की निष्क्रियता के चलते आज शहर में लूट, डकैती, हत्या जैसी वारदातें हो रही है। लोगों का कहना है कि जिस जगह पर हत्या की वारदात हुई उससे कुछ दूरी पर गत दिनों एक युवती के साथ लूट की वारदात हुई थी उसके बाद भी पुलिस ने क्षेत्र में सक्रियता नहीं बढ़ाई। युवती संग लूट और युवक की हत्या की घटनाएं हो गईं मगर पुलिस अधिकारियों द्वारा बीट प्रभारी तक के ऊपर कोई कार्रवाई नहीं की गई।
किरायेदार द्वारा मकान का किराया न देने और खाली न करने तथा भाइयों द्वारा जबरन हिस्सेदारी जताए जाने की शिकायत राजेश द्वारा पुलिस व जिला प्रशासन से कई बार की गई थी। कुछ दिन पहले राजेश शिकायत लेकर कलेक्ट्रेट और एसपी ऑफिस में आयोजित जन सुनवाई में भी गया था, अधिकारियों ने शिकायत सुनी लेकिन कोई एक्शन नहीं लिया। शिकायत पर अगर जिम्मेदार लोग समय पर एक्शन ले लेते तो शायद यह घटना नहीं होती। जमीन संबंधी मामलों को लेकर पूर्व में ही शहर में हत्या जैसी घटनाएं हो चुकी हैं, उसके बाद भी जिले के जिम्मेदार पदों पर बैठे लोग शिकायतों को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं।
आधा दर्जन लोग हिरासत में
युवक की हत्या में शामिल आधा दर्जन लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। पुलिस ने बताया कि मृतक राजेश के भाई मनीष शाह, महेंद्र शाह, प्रभा शाह, देवमती शाह, किरायेदार अरुण उर्फ अरुणा सिंह व उसके बेटे को हिरासत में लिया गया है। है। पुलिस सभी लोगों से पूछताछ कर रही है। बताया जा रहा है कि राजेश मूल रूप से खोखरी, रैला माड़ा का रहने वाला था, जिसका एक मकान बिलौंजी एनसीएल ग्राउंड के समीप है, जिसमें हिस्सेदारी को लेकर भाइयों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।
ये भी पढ़े-
MP News: पांच लोगों को रौंदा थार, पुलिस से बोला बाप विधायक है मर्डर भी निपटा लेंगे, घर जाओ