Singrauli News: सिंगरौली जिले के देवसर जनपद पंचायत क्षेत्र के महुआ गांव से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने गांवों में सड़क और आवागमन की सुविधाओं की हकीकत सामने ला दी है। वीडियो में कुछ ग्रामीण एक शव को चारपाई पर रखकर ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि गांव तक सड़क की सुविधा नहीं होने के कारण परिजनों और ग्रामीणों को रात के अंधेरे में शव को करीब 500 मीटर तक चारपाई के सहारे ले जाना पड़ा।
जानकारी के मुताबिक, यह मामला शुक्रवार रात का बताया जा रहा है। गांव में किसी व्यक्ति की मौत के बाद परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाना चाहते थे, लेकिन रास्ता सुगम नहीं होने के कारण उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों ने मिलकर शव को चारपाई पर रखा और उसे उठाकर मुश्किल रास्ते से बाहर तक लेकर आए।
इस दौरान किसी व्यक्ति ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया। वीडियो सामने आने के बाद गांव में सड़क और आवागमन की व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में पक्की सड़क और उचित रास्ते की सुविधा नहीं होने से सामान्य दिनों में भी लोगों को परेशानी होती है। बारिश के मौसम में स्थिति और ज्यादा खराब हो जाती है।
VIDEO होने के बाद वायरल सुबह प्रशासन ने भेजी टीम
वीडियो सामने आने के बाद प्रशासनिक स्तर पर भी मामले की जानकारी ली गई। बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह प्रशासन की ओर से एक टीम को गांव में भेजा गया। टीम ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों से जानकारी ली और रास्ते की स्थिति का जायजा लिया।
ग्रामीणों ने प्रशासन के सामने सड़क निर्माण और आवागमन की स्थायी व्यवस्था की मांग रखी। उनका कहना है कि किसी मरीज को अस्पताल ले जाने या आपात स्थिति में भी इसी तरह की परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
Singrauli News : मंडी में चारों तरफ बजबजा रही गंदगी, व्यापारी से लेकर खरीदार तक परेशान
Black Marketing of LPG: बैढ़न के आधा दर्जन गैस रिफिलिंग दुकानों में एसडीएम का छापा