Singrauli News : जियावन थाना क्षेत्र के धनहा गांव में शुक्रवार को एक प्रेमी का हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। प्रेमी युवक एक मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया। शोले फिल्म की तर्ज पर युवक रवि कुशवाहा 23 वर्ष शुक्रवार सुबह उठते ही गांव में लगे मोबाइल टावर पर चढ़ गया और अपनी प्रेमिका को मौके पर बुलाने के लिए गुहार लगाने लगा। प्रेमी युवक की हरकत को देखकर हर किसी को शोले फिल्म के वीरू और बसंती की यादें ताजा हो गई। शुक्रवार सुबह से शुरू हुआ घटनाक्रम 5 घंटे तक चला, इस बीच युवक के परिजन, पुलिस अधिकारी और गांव के लोग उससे नीचे उतरने के लिए गुहार लगाते रहे। उसको भरोसा दिलाया गया कि जब वह नीचे उतर आएगा तो उसकी प्रेमिका से बात कराई जायेगी, तब कहीं जाकर युवक माना और टॉवर से नीचे उतरा।
प्रेमिका को बुलाने की लगाए रखी रट
बताया जा रहा है कि युवक एक युवती से प्रेम करता है। युवती की शादी कहीं दूसरी जगह तय हो गई है। इसी बात से नाराज होकर युवक शोले फिल्म का वीरू बन गया। टॉवर पर चढ़ने के बाद युवक मौके पर प्रेमिका को बुलाने की शर्त पर ही उतरने की बात कह रहा था। युवक के टॉवर पर चढ़ने की जानकारी मिलने के बाद उसके परिवार के लोगों के साथ गांव के लोग भी बड़ी संख्या में एकत्र हो गए थे। सभी उसे टॉवर से नीचे उत्तराने का प्रयास कर रहे थे। जियावन थाना प्रभारी रोशनी कर्मी ने बताया कि युवक को टॉवर से उतारने के बाद समझा-बुझाकर घर भेज दिया गया है।
कोई वीडियो बनाने में तो कोई फोटो लेने में लगा रहा
प्रेमी युवक के मोबाइल टॉवर पर चढ़ने के बाद मौके पर लगी भीड़ में शामिल कोई मोबाइल से वीडियो बना रहा था, तो कोई फोटो खींच रहा था। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची जियावन थाना पुलिस के जवानों ने युवक को टॉवर से नीचे उतारने के प्रयास किया लेकिन वह पुलिस कर्मियों की बात मानने के लिए तैयार नहीं हो रहा था। हालांकि बाद में परिजनों की समझाइश के बाद करीब 5 घंटे बाद युवक टॉवर से नीचे उतरा। उसके बाद परिजनों और पुलिस कर्मियों ने उसे समझा बुझाकर घर पहुंचाया तथा दोबारा इस तरह की हरकत न करने की समझाइश दी।