MP Singrauli News : CM हेल्पलाइन रैंकिंग में सिंगरौली टॉप पर, सभी शिकायतों को गंभीरता से किया गया निराकृत

MP Singrauli News :  सीएम हेल्पलाइन 181 पीड़ितों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है, जिसकी सुनवाई विभाग द्वारा नहीं की जाती है, वह अपनी शिकायत सीएम हेल्पलाइन में दर्ज कराते हैं। सीएम हेल्प लाइन में दर्ज शिकायतों को समय पर निराकृत करने में कुछ विभाग व अधिकारी महीने भर गंभीरता से लगे रहते हैं, वहीं कुछ विभागों के अधिकारी शिकायतों को ठंडे बस्ते में डाल देते हैं। शनिवार को सीएम हेल्प लाइन की प्रदेश स्तरीय रैंकिंग जारी हुई, जिसमें सिंगरौली पुलिस अपने समूह में पूरे प्रदेश में अव्वल रही। सीएम हेल्पलाइन में पुलिस विभाग से संबंधित 1114 शिकायतें प्राप्त हुई थीं। प्राप्त शिकायतों में से 1035 शिकायतों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण किया गया। शिकायतों को निराकृत करने में सिंगरौली पहले स्थान पर, शाजापुर दूसरे और दमोह जिला तीसरे स्थान पर रहा।

महिला थाने में शत-प्रतिशत शिकायतों का निराकरण

जिले में प्रात्त शिकायतों का निराकरण करने में महिला पुलिस थाना पहले स्थान पर रहा। महिला पुलिस थाना द्वारा सौ प्रतिशत शिकायतों का निराकरण कर उन्हें बंद करवाया गया। मोरवा, लंघाडोल, गढ़वा, चौकी सासन, जयंत में 95 प्रतिशत, अन्य पुलिस थानों ने 90 प्रतिशत शिकायतों को निराकृत किया। सीएम हेल्प लाइन में जो शिकायतें दर्ज हुई थीं, उनमें 20 प्रतिशत शिकायतें जमीनी विवाद, 25 प्रतिशत मारपीट, 10 प्रतिशत पारिवारिक विवाद, 10 प्रतिशत आपसी विवाद, १० प्रतिशत आपासी लेनदेन, 8 प्रतिशत महिला संबंधी और 10 प्रतिशत अन्य तरह की शिकायतें प्राप्त हुई थीं। एसपी मनीष खत्री द्वारा शिकायतों की मॉनीटरिंग किए जाने और शिकायतकर्ता से संपर्क स्थापित कर उसकी शिकायत को सुना गया और निराकृत करवाया गया, जिसके परिणाम स्वरूप जिला पहले स्थान पर आ गया है।

नगर निगम दूसरे स्थान पर

सीएम हेल्प लाइन शिकायतों को निराकृत करने में सिंगरौली नगर निगम प्रदेश में दूसरे नंबर पर है। पिछले माह नगर निगम से संबंधित 3 9 3 शिकायतें प्राप्त हुई थीं। प्राप्त शिकायतों में से 98.31 प्रतिशत शिकायतों का निराकरण किया गया। निगमायुक्त सविता प्रधान द्वारा शिकायतों की मॉनीटरिंग स्वयं की गई थी। हालांकि जिला पंचायत की बात की जाए तो जिला पंचायत की ग्रेडिंग में सुधार नहीं हो रहा है। सिंगरौली जिला पंचायत अपने समूह में 13वें स्थान पर आया है।

जिला प्रशासन 5वें स्थान पर

प्रदेश स्तरीय ग्रेडिंग में सिंगरौली जिला अपने समूह-ए रेटिंग में पांचवें स्थान पर आया है। जिले में राजस्व, जल संसाधन, स्वास्थ्य, महिला बाल विकास सहित अन्य विभागों से संबंधित 6610 शिकायतें प्राप्त हुई थीं। प्राप्त शिकायतों में से 83.59 प्रतिशत शिकायतों का निराकरण किया गया है। कलेक्टर गौरव चैनल द्वारा सीएम हेल्प लाइन में दर्ज शिकायतों की लगातार मानीटरिंग किए जाने से प्रदेश स्तरीय ग्रेडिंग में सुधार हुआ और अपने समूह में जिला प्रदेश स्तर पर पांचवें स्थान पर आया है।

MP News : मध्य प्रदेश के सिंगरौली में संविदा कर्मचारी 6 महीनों से बिना वेतन काम करने को मजबूर

Leave a Comment