Singrauli News : बैढ़न बैंक ऑफ महाराष्ट्र में हुई डकैती की वारदात का पुलिस अभी खुलासा भी नहीं कर पाई है कि मंगलवार-बुधवार की दरम्यानी रात बरगवां के पतेरी गांव में चोर चोरी की एक बड़ी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। बताया जा रहा कि पतेरी निवासी नारायण प्रसाद चतुर्वेदी के घर चोर घुसे और 70 हजार रुपये नकद और करीब 9 लाख रुपये के सोने चांदी के आभूषण चुराकर ले गए। शातिर चोर घर के ऊपरी मंजिल से नीचे आए और जिन कमरों में घर के लोग सो रहे थे उनके दरवाजों को बाहर से बंद कर दिये थे, ताकि जागने पर भी लोग कमरे से बाहर न निकल पाएं। चोरी की घटना रात दो बजे के आसपास की बताई जा रही है, क्योंकि चोरों की आहट पाकर घर की एक महिला नींद से जागी और दरवाजे का कमरा खोलकर बाहर आने का प्रयास किया तो वह नहीं खुला। महिला के शोर मचाने पर चोर माल समेट कर फरार हो गए।
संदूक तोड़कर निकाले आभूषण
घर में घुसे चोर आलमारी और संदूक तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण, महंगी साड़ियां व अन्य कीमती सामान ले गए। पीड़ित की मानें तो चोर 4 नग सोने के कंगन, सोने दो मंगलसूत्र, झुमका, नथिया, अंगूठी, सोने की चेन, मनचली, छागल, 70 हजार नकद सहित बैंक पासबुक व अन्य जरूरी दस्तावेज उठा ले गए हैं। जिन कमरों में चोर घुसे वहां सामान अस्त व्यस्त पड़ा है। बरगवां थाना पुलिस अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश में लगी हुई है।
लाखों की चोरी से गांव में दहशत
कुछ दिन पहले बरगवां बाजार में आभूषण दुकान में हुई लाखों की चोरी के बाद पतेरी गांव में हुई वारदात से बरगवां क्षेत्र के लोग दहशत में हैं। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में जो वारदातें हो रही हैं उसके लिए सीधे पुलिस जिम्मेदार है। पुलिस अगर सख्ती से रात्रि गश्त करती तो वारदातें नहीं होतीं। बुधवार सुबह चोरी की सूचना मिलने के बाद पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज की जांच में लगी है। पुलिस को उम्मीद है कि चोर कहीं न कहीं उसमें कैद हुए होंगे।