Singrauli News : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार हर उस जरूरतमंद तक योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है, जो इसके वास्तविक हकदार हैं। हमारी सरकार गरीब, लाचार, श्रमिक, निराश्रित और जरूरतमंद नागरिकों को स्नेह, अपनत्व, स्वावलंबन और आर्थिक सहायता का संबल देती रहेगी। प्रदेश की जनता के सुख-दुख में सरकार हमेशा साथ खड़ी है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मंगलवार को मंत्रालय में मुख्यमंत्री जनकल्याण सम्बल 2.0 योजना के तहत सहायता राशि वितरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के 55 जिलों के 7227 संबल हितग्राहियों के बैंक खाते में 160 करोड़ रुपए की अनुग्रह सहायता राशि अंतरित की। इसके तहत मुख्यमंत्री ने सिंगरौली जिले के 119 श्रमिकों के खाते में सिंगल क्लिक के माध्यम 2 करोड़ 70 लाख रुपए की अनुग्रह सहायता राशि भेजी। कलेक्ट्रेट के एनआईसी कक्ष में सिंगरौली विधायक राम निवास शाह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जगदीश गोमें उपस्थित थे।
कार्यक्रम में विधायक रामनिवास शाह द्वारा हितग्राहियों को अनुग्रह सहायता राशि का वितरण किया गया। मुख्यमंत्री के उद्बोधन का लाइव टेलीकास्ट के माध्यम से देखा एवं सुना गया। इस अवसर पर श्रम अधिकारी राहुल प्रधान, नवनीत पांडेय सहित हितग्राही उपस्थित रहे।