Singrauli Waidhan Model Road News: 20 अप्रैल से सिंगरौली जिले के माजन मोड़ से लेकर विंध्यनगर इंदिरा चौक तक मॉडल रोड का निर्माण, बेहतर सड़क, डिवाइडर, और फुटपाथ के सौंदर्यीकरण का काम शुरू हो जाएगा। गौरतलब है कि पहली बरसात में ही मॉडल रोड के परखच्चे उड़ गए थे, तब से लेकर आज तक लोग गड्डों और धूल से भरी सड़क पर चलने के लिए मजबूर थे। सड़क निर्माण को लेकर मंगलवार को कलेक्टर गौरव बैनल की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट में हुई। बैठक में निर्णय लिया गया कि माजन मोड़ से विंध्यनगर तक मॉडल रोड में सीवरलाइन, गैस पाइपलाइन, वाटर सप्लाई पाइपलाइन का काम अगले 20 दिनों में पूरा करा लिया जाये ताकि 20 अप्रैल से मॉडल रोड का निर्माण कार्य शुरू किया जा सके।
पैदल चलने लायक भी नहीं बची है सड़क

बरसात में उखड़ी सड़क अब चलने लायक नहीं बची है। बरसात में जो सड़क बची थी, उसे सीवरलाइन और गैस पाइपलाइन बिछाने वालों ने खोदकर खराब कर दिया है। माजन मोड़ से लेकर विंध्यनगर तक पूरी सड़क गड्ढे में तब्दील हो चुकी है। लोग पिछले 8 माह से ऊबड़-खाबड़ सड़क पर चलने के लिए मजबूर हो रहे थे। बदहाल मॉडल रोड का निर्माण किए जाने की मांग लंबे समय से चल रही थी, जो अब पूरी होने जा रही है। कलेक्ट्रेट में आयोजित बैठक में नगर निगम कमिश्नर सविता प्रधान, कार्यपालन यंत्री संतोष पांडेय सहित नगर निगम के इंजीनियर और अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
व्यापारियों और पब्लिक से लें सुझाव
मॉडल रोड के निर्माण के लिए पब्लिक और व्यापारियों से भी सुझाव लिए जाने को कहा गया है। निर्माण कार्य के दौरान यातायात बाधित न हो, इसके लिए यातायात पुलिस के साथ मिलकर व्यवस्थाएं दुरुस्त करने को कहा गया है। निगमायुक्त सविता प्रधान ने बताया कि 20 दिनों के अंदर सीवरलाइन और पानी की पाइपलाइन बिछाने का काम पूरा कर लिया जाएगा। गैस पाइपलाइन का काम अगले 30 दिन के अंदर पूरा हो जाएगा।
30 जून तक पूरा होना है निर्माण कार्य

माजन मोड़ से विंध्यनगर इंदिरा चौक तक करीब 6 किलोमीटर लंबी मॉडल रोड का निर्माण कार्य के लिए 9 करोड़ 35 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं। डीएमएफ फंड से स्वीकृत राशि से अकेले सड़क निर्माण का काम नहीं होगा बल्कि डिवाइडर, फुटपाथ का भी सौंदर्याकरण कराया जाएगा। सड़क निर्माण का कार्य गुणवत्ता के साथ तय समय सीमा के अंदर पूरे किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। सड़क निर्माण के कार्य को हर हाल में 30 जून तक पूरा कराए जाने के निर्देश नगर निगम के अधिकारियों को दिए गए हैं।
संविदाकारों को नोटिस जारी
सड़क निर्माण को लेकर आयोजित बैठक में बगैर बताए अनुपस्थित रहने वाले सीवरलाइन और गैस पाइपलाइन प्रोजेक्ट मैनेजरों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। सीवर और गैस पाइपलाइन बिछाने के काम में हो रही देरी पर कलेक्टर ने नाराजगी जाहिर करते हुए दोनों कामों को जल्द से जल्द पूरा कराने के लिए कहा है।
Singrauli News: एनटीपीसी कॉलोनी में कार में लगी भीषण आग, बाल-बाल बची कार में बैठी महिला