Singrauli News : सिंगरौली जिले के माड़ा मुख्य बाजार में सरकारी जमीन में अतिक्रमण कर बनाई गई सात पक्की दुकानों को तोड़ने की कार्रवाई शुक्रवार को की गई। अतिक्रमणकारियों द्वारा 30 से 40 वर्षों से सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर पक्की दुकानें बना ली गई थी। एसडीएम और तहसीलदार द्वारा अतिक्रमण हटाने के लिए कई बार नोटिस जारी किया गया था लेकिन अतिक्रमणकारी खुद अतिक्रमण हटाने के लिए तैयार नहीं हो रहे थे। शुक्रवार को राजस्व और पुलिस अमले द्वारा जेसीबी लगाकर वर्षों पहले बनीं सात अवैध दुकानों को जमींदोज करवा दिया गया। अतिक्रमण कार्रवाई का कुछ लोगों ने विरोध करने का प्रयास किया लेकिन बड़ी संख्या में तैनात पुलिस बल व राजस्व अधिकारियों के आगे उनकी एक नहीं चली और देखते ही देखते सात दुकानों को ढहा दिया गया।
बनेगा शौचालय और यात्री प्रतीक्षालय
माड़ा बाजार में एक भी सार्वजनिक शौचालय व यात्री प्रतीक्षालय नहीं है। दोनों बुनियादी सुविधाएं न होने से आम लोगों को खासी परेशानी उठानी पड़ती थी। अतिक्रमण मुक्त कराई गई सरकारी जमीन पर अब सार्वजनिक शौचालय और यात्री प्रतीक्षालय का निर्माण जिला प्रशासन द्वारा करवाया जाएगा। शुक्रवार को अतिक्रमण कार्रवाई में एसडीएम नंदन तिवारी, प्रभारी तहसीलदार अभिषेक यादव, नायब तहसीलदार प्रतीक्षा सिंह, थाना प्रभारी शिवपूजन मिश्रा सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल व राजस्व अमला तैनात रहा।
TVS iQube बना आम लोगों की पहली पसंद, ऑफिस, कॉलेज आने-जाने के लिए है बेस्ट स्कूटर