Singrauli News : पिछले माह देवसर के लोहरा गांव में जादू-टोना की आशंका में दो लोगों की बली दिए जाने का मामला ठंडा भी नहीं हुआ था कि इसी तरह का एक और मामला सामने आ गया है। नया मामला बरगवां थाना क्षेत्र के उज्जैनी गांव का बताया जा रहा है, जिसमें जादू-टोना के संदेह पर एक बुजुर्ग की हत्या कर दी गई है। बुजुर्ग की हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि अरोपी बृजेंद्र यादव उर्फ बजरंगी पिता रामशरण यादव 24 साल को संदेह था कि बुजुर्ग जोखन कोल 75 वर्ष जादू-टोना करता है, जिसके चलते अक्सर उसकी तबियत खराब हो जाती है। संदेह होने पर आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर बुजुर्ग को रास्ते से हटाने का प्लान तैयार किया और 19 फरवरी को बुजुर्ग को ले जाकर रीवा जिले में स्थित छुहिया घाटी में निर्मम हत्या कर शव को छिपा दिया था।
झाडफूंक करने के बहाने बुलाया
पुलिस की मानें तो घटना दिनांक को आरोपी बृजेश यादव ने बुजुर्ग को मऊगंज जिले में झाड़ फूंक करने के बहाने बुलाया था। बुजुर्ग को ले जाने के लिए आरोपी ने गांव के असीम सिंह का बोलेरो वाहन यह कहकर लिया था कि उसे मऊगंज बारात में जाना है। तय योजना के तहत बुजुर्ग को वाहन में बिठाकर रवाना हुए। देवसर पहुंचने पर बृजेश, सिपाहीलाल साकेत और अनूप जायसवाल ने बुजुर्ग को शराब पिलाई। अत्यधिक मात्रा में शराब पीने से बुजुर्ग गहरी नींद में सो गया। उसके बाद तीनों लोग बोलेरो लेकर रामपुर नैकिन होते हुए रीवा जिले की छुहिया घाटी पहुंचे, जहां पर बीच जंगल में सुनसान जगह पर बोलेरो से बुजुर्ग को उतारकर गला दबाकर हत्या कर दी, उसके बाद जंगल में पड़े ढोले में ले जाकर शव को छिपा दिया और सभी आरोपी अपने घर लौट आए।
दो आरोपी भेजे गए जेल
झाड़फूंक के संदेह पर बुजुर्ग की हत्या के मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने कंकाल का पोस्ट मार्टम रीवा मेडिकल कॉलेज की टीम से करवाया। एसपी मनीष खत्री के निर्देश पर की गई कार्रवाई में थाना प्रभारी मोहम्मद समीर, वीरेंद्र त्रिपाठी, विपिन तोमर, फूल सिंह, अनूप मिश्रा, सुरेंद्र भुजवा, अरुणेंद्र मिश्रा, महेंद्र सिंह, एफएसएल अधिकारी रीवा अरविंद राठौर, लोकेंद्र यादव, राजबहोर शर्मा शामिल थे।
जूतों और कपड़ों से हुई पहचान
घटना दिनांक की रात को बुजुर्ग घर से बगैर बताए निकला था। बुजुर्ग जब वापस नहीं लौटा तो परिजनों द्वारा बरगवां थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। पुलिस जब बुजुर्ग को तलाश कर रही थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि बुजुर्ग की हत्या कर दी गई है। सूचना के बाद पुलिस तलाश आरोपियों की तलाश में जुटी और हिरासत में लेकर पूछताछ की, तब पता चला बुजुर्ग की हत्या छुहिया घाटी में की गई है। उसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। जब तक पुलिस को पता चला, तब तक शव कंकाल बन चुका था, लेकिन आसपास पड़े पकड़ों और जूतों से पहचान हुई। उसके बाद पुलिस ने आरोपी बृजेंद्र यादव, सिपाहीलाल और अनूप जायसवाल के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। एक आरोपी अनूप अभी भी फरार है।
अपनी वाइफ को गिफ्ट करें 100KM रेंज वाली TVS iQube इलेक्ट्रिक स्कूटर