LPG Gas Cylinder News: होटल-ढाबों व ठेलों में हो रहा घरेलू सिलेंडर का उपयोग, जिम्मेदार नहीं कर रहे कार्रवाई

LPG Gas Cylinder News
LPG Gas Cylinder News

LPG Gas Cylinder News: ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच चल रही जंग का व्यापक असर आमलोगों के जीवन पर नजर आने लगा है। युद्ध की वजह से घरेलू उपभोक्ताओं को घंटों लंबी कतार में खड़े होने के बाद भी सिलेंडर नसीब नहीं हो रहा है। जहां एक तरफ आवक कम होने की वजह से आमजन इधर-उधर भटकने के लिए मजबूर है तो वहीं होटल, ढाबों और ठेला वालों तक घरेलू सिलेंडर बराबर पहुंच रहा है। कमर्शियल सिलेंडर पर रोक लगने के बाद बढ़ चढ़कर नियम विरुद्ध घरेलू सिलेंडर का उपयोग होटलों, ढाबों और ठेलों पर किया जा रहा है। शहर में घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग खुलेआम हो रहा है।

गैस एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की बढ़ती भीड़ के बीच होटल, ढाबों और छोटे कारोबारियों द्वारा सब्सिडी वाले घरेलू सिलेंडरों का उपयोग किए जाने से नियमों की अनदेखी साफ नजर आ रही है। जिम्मेदार विभागों की निष्क्रियता के चलते यह स्थिति लगातार बढ़ती जा रही है। विभिन्न बाजारों, प्रमुख चौराहों और गली मोहल्लों में संचालित चाय, नाश्ता व मिठाई की दुकानों पर घरेलू सिलेंडर से कारोबार किया जा रहा है। पोहाए समोसे के ठेलों से लेकर होटलों तक में घरेलू उपभोक्ताओं के हिस्से की गैस का उपयोग होने की चर्चा आम है, बावजूद इसके इस पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पा रहा है।

सस्ती गैस के लालच में कर रहे उपयोग

घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलेंडर के दाम में बड़ा अंतर है। घरेलू सिलेंडर में करीब 14.2 किलो गैस होती है, जिस पर सब्सिडी का लाभ भी मिलता है। जबकि व्यावसायिक गैस सिलेंडर 19 किलो का होता है और उस पर किसी तरह की सब्सिडी नहीं दी जाती है। सस्ती गैस के लालच में व्यापारी घरेलू सिलेंडर का उपयोग कर रहे हैं। खाड़ी में चल रहे युद्ध के कारण सिलेंडर की कमी आई है। वहीं कार्यवाही के डर से कुछ दुकानदार कोयला और लकड़ी को भी का उपयोग कर रहे हैं, लेकिन अधिकांश जगहों पर घरेलू गैस का उपयोग हो रहा है।

नाममात्र की है व्यावसायिक सिलेंडरों की खपत

एक गैस एजेंसी के मैनेजर के अनुसार शहर में लगभग तीन सैकड़ा व्यावसायिक कनेक्शन हैं, इसके बाद भी हर महीने केवल 12 से 15 व्यावसायिक सिलेंडर ही उठाए जाते हैं। वहीं घरेलू गैस सिलेंडरों की खपत दो हजार से अधिक बताई जा रही है। यह अंतर ही इस बात की ओर संकेत करता है कि व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में घरेलू गैस का उपयोग बड़े स्तर पर किया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक कई होटल संचालक औपचारिकता के तौर पर व्यावसायिक सिलेंडर का कनेक्शन तो लेते हैं, बाद में उसी में घरेलू गैस भरवाकर उपयोग करते हैं। वहीं कुछ घरेलू उपभोक्ता भी निजी लाभ के लिए अपने कनेक्शन से सिलेंडर दिलवाकर दुकानदारों को उपलब्ध करा देते हैं।

ये भी पढ़े-

Singrauli News : सिंगरौली में अल्ट्रासाउंड सेंटरों पर सख्ती, विशेषज्ञ के बिना संचालित सोनोग्राफी सेंटर किए जाएंगे सील

Summer vacation 2026: इस गर्मी MP के शिक्षकों को नहीं मिलेगी छुट्टी, करना होगा लगातार ड्यूटी, जानिए क्यों

Leave a Comment