Singrauli Hanuman Jayanti Shobhayatra: श्रीराम जी के परम भक्त हनुमान जी के प्रकटोत्सव पर्व के पावन अवसर पर गुरुवार को जिला मुख्यालय वैढ़न में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। यह शोभायात्रा न्नगर निगम कार्यालय के समक्ष शिव मंदिर परिसर से तय समय पर वैदिक मंत्रोच्चारण और शंखनाद के उद्घोष के साथ शुरू हुई।

शोभायात्रा का आगाज प्रतीकात्मक रूप से रथ पर विराजे राम, सिया, लखन और इनके साथ में मौजूद गदाधारी बजरंगचली की अगुवाई में हुआ। रथ के पीछे से श्रीराम जी और हनुमान जी के जयकारे लगाते सैकड़ों श्रद्धालुओं की भीड़ जब नाचते-गाते चल रही थी, तो यह रामजी की सेना जैसा अद्भुत नजारा बन गया। यह शोभायात्रा बिलौंजी मेन रोड से होते हुये शहर के जिस हिस्से से भी गुजरी, वहां इस शोभायात्रा की भव्यता से लोग स्वयं ही खिंचे चले आये। युवा ही नहीं बच्चे, बुजुर्ग व महिलाएं भी इस शोभायात्रा में शामिल होकर प्रभु श्रीराम और केसरी नंदन हनुमान जी की स्तुति में रमे रहे।
आलम यह रहा कि अपरान्ह करीब 3.30 बजे जब शोभायात्रा शुरू हुई तो चिलचिलाती धूप के साथ गर्मी काफी ज्यादा असरदार रही, लेकिन मौसम की इस मार के आगे भी श्रद्धालुओं का उत्साह करीब 3 घंटे की यात्रा दौरान लगातार बना रहा। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस भी जगह-जगह तैनात रही।
ये रहा यात्रा का रूट

नगर निगम कार्यालय के सामने शिव मंदिर प्रांगण में एकत्रीकरण पश्चात यह शोभायात्रा शुरू होकर बिलौंजी मेन रोड से सीधे पुराने यातायात तिराहे से लाडली पथ फिर थाना चौक, अंबेडकर चौक से तुलसी मार्ग होते हुये हरिहर चौक हनुमान मंदिर के समक्ष समाप्त हुई। इस दौरान हनुमान मंदिर द्वार के पहले से ही सभी श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया। यात्रा में श्रद्धालुओं का हुजूम पैदल, बाइकों और वाहनों के साथ शामिल हुआ। आयोजकों के अनुसार, यात्रा में अनुमानित करीब 3 हजार से अधिक श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा रहा।
झांकियां रही मुख्य आकर्षण का केन्द्र
शोभायात्रा दौरान हर बार की तरह इस बार भी झांकियां मुख्य आकर्षण का केन्द्र बनी रही। मुख्य झांकी तो यात्रा की अगुवाई कर रहे रथ की थी, जिसमें राम, सिया, लखन के साथ स्वयं बजरंगबली विराजमान थे। दूसरी झांकी बड़े ट्रेलर में हनुमान जी के विभिन्न बाल रूपों की थी और साथ में राम, सिया व लखन भी बाल रूप में थे। इसी प्रकार से अन्य झांकियां भी रहीं।
महिलाएं भी हुईं शामिल, किया पारंपरिक शौर्य का प्रदर्शन
शोभायात्रा के दौरान विश्व हिंदू परिषद की महिला पदाधिकारियों के द्वारा बीच-बीच में भगवा ध्वज लहराने का आकर्षक करतब दिखाया गया। इसी प्रकार से विहिप की महिला पदाधिकारी के द्वारा तलवार के करतब से पारंपरिक शौर्य, नारी शक्ति व आत्मरक्षा का प्रदर्शन भी किया गया। यह भी आकर्षण का केन्द्र बना रहा। इसके अलावा पूरी यात्रा के दौरान महिलाओं ने भी बड़ी संख्या में बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान महिलाओं में पूर्व महापौर प्रेमवती खखैरवार, सीए मनोरमा शाहवाल, सीमा जायसवाल, संध्या मिश्रा समेत अन्य नारी शक्ति शामिल रही।
पुष्प वर्षा से स्वागत गुड़, बताशे, शीतल पेयजल भी वितरित
यह शोभायात्रा शहर में जहां से भी गुजरी वहां जगह-जगह पर लोगों ने उसके स्वागत में पुष्प की वर्षा भी की। इसके अलावा शोभायात्रा का मार्ग में जगह-जगह पर विभिन्न सामाजिक संगठनों, विभिन्न प्रतिष्ठानों के द्वारा स्वागत करते हुये मुढ़, बताशे और शीतल पेयजल का भी वितरण किया। जिसमें बिलौंजी में श्रीकांत लाल केशरवानी व सत्या इंटरनेशन होटल के समक्ष एसडी सिंह व ताली में गोपाल अग्रवाल, सजन अग्रवाल, पवन अग्रवाल व पशु चिकित्सालय के समक्ष सुरेन्द्र नोतवानी, राम अवतार सोनी, राजेश सोनी, रामावतार सिंह व तुलसी मार्ग में सत्यनारायण सोनी और दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर बस स्टैंड के पास फल विक्रेता द्वारा जलपान व शर्बत का वितरण किया गया।
ये भी पढ़े-
Singrauli Medical College: सिंगरौली मेडिकल कॉलेज में पहला ऑर्थोपेडिक ऑपरेशन हुआ सफल