Singrauli News : खुटार पुलिस चौकी क्षेत्र के बनौली के पास हुए एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई और दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना शुक्रवार रात की उस समय हुई, जब खुटार-मांड़ा मार्ग पर दोनों बाइकों के बीच आमने-सामने से टक्कर हो गई। दोनों बाइक पर चार लोग सवार थे।
हादसे में घायलों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना देकर बचाव कार्य में लग गए। किसी तरह से घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान इंद्रजीत कुमार शाह निवासी रजमिलान, राहुल कुमार साकेत निवासी परसौना मौत हो गई। हादसे में एक महिला राजकुमारी शाह निवासी रजमिलान भी गंभीर रूप से घायल हुई है, जिसकी हालत दूसरे दिन भी गंभीर बनी हुई है।
ओवर स्पीड और अंधेरे के चलते हुई घटना
स्थानीय लोगों की मानें तो दो बाइकों के बीच टक्कर होने के पीछे की मुख्य कारण ओवर स्पीड और रात के समय अंधेरा होना है। इस मार्ग में रात के समय लोडिंग वाहनों की बराबर आवाजाही लगी रहती है। रात के समय सड़क में उचित रोशनी के प्रबंध की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन आज तक व्यवस्था नहीं की गई है। हादसे में सड़क पर घायल पड़े लोगों की मदद के लिए जब कोई आगे नहीं आया तो क्षत्रिय कलावंत संगठन के दशरथ सिंह भाटी, सतेंद्र सिंह, विवेक सिंह, शिवम सिंह, अंकित सिंह व उनकी टीम ने आगे बढ़कर मदद की और सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया।