Singrauli News : सिंगरौली में अल्ट्रासाउंड सेंटरों पर सख्ती, विशेषज्ञ के बिना संचालित सोनोग्राफी सेंटर किए जाएंगे सील

Singrauli News : पीसीपीएनडीटी एक्ट के तहत गठित जिला एडवाइजरी कमेटी की मंगलवार को जिला अस्पताल सभागार में बैठक हुई। बैठक में उपस्थित सिंगरौली विधायक राम निवास शाह ने सीएमएचओ डॉ. पुष्पराज सिंह ठाकुर को निर्देश दिया कि वे टीम बनाकर अभियान के तहत अल्ट्रासोनोग्राफी-अल्ट्रासाउंड सेंटरों की जांच करने की शुरुआत करें। उन्होंने कहा कि जांच में जो केंद्र बिना विशेषज्ञ चिकित्सक की मौजूदगी के बिना संचालित मिलें तो उन्हें सील करने की कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि ऐसे केंद्रों का गाइडलाइन के अनुसार जिला एडवाइजरी कमेटी भी समय-समय पर निरीक्षण करे। बैठक में चर्चा हुई कि अल्ट्रासोनोग्राफी संचालन के लिए योग्यताधारी विशेषज्ञ चिकित्सक के अलावा यदि निरीक्षण में किसी अन्य द्वारा संचालित होता पाया जाए तो अनुशासनात्मक कार्रवाई के साथ उसे सील कर दिया जाए।

जिला अस्पताल की समस्याएं दूर करने का भरोसा

बैठक में जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं पर भी चर्चा की गई। मसलन साफ सफाई, चादरों की कमी, पानी की व्यवस्था, उपकरणों का इंतजाम, मानव संसाधन और लिफ्ट बनवाने पर विमर्श किया गया। आमजन की सुविधा को देखते हुए एक लिफ्ट को रोगी कल्याण समिति या अन्य मद से बनवाने का निर्देश विधायक रामनिवास शाह ने दिया। इसके साथ विधायक ने दो सौ चादरों को उपलब्ध कराने की अनुशंसा भी की। इसके अलावा सीएसआर या डीएमएफ से पानी टंकी निर्माण के लिए पत्राचार करने के लिए कहा। बैठक में सिविल सर्जन डॉ. कल्पना रवि, आरएमओ डॉ. राजेश बैस, डॉ. यूके सिंह और सहायक अस्पताल प्रबंधक पूनम रावत सहित समिति के सदस्य व स्वास्थ्य कर्मी मौजूद थे।

गाइडलाइन के अनुसार निर्धारित फीस से ज्यादा न वसूलें सेंटर

कमेटी ने बैठक में निर्णय लिया कि अल्ट्रासाउंड जांच के लिए शासन की गाइडलाइन के अनुसार निर्धारित फीस से ज्यादा पैसा न लिया जाए। विधायक रामनिवास शाह ने कहाकि जिले के सभी अल्ट्रासोनोग्राफी सेंटरों का भ्रमण कार्यक्रम बनाकर निरीक्षण करें। निजी व शासकीय संस्थाओं में संचालित अल्ट्रासोनोग्राफी मशीनों का संचालन नियमानुसार किया जा रहा या नहीं इस संबंध में समिति के निरीक्षण के पालन प्रतिवेदन से विभाग प्रमुख को अवगत कराने की बात कही गई।

Singrauli Waidhan Fighter Jet: सिंगरौली के आसमान में फाइटर जेट की एंट्री, देखते ही लोग रह गए हैरान

Leave a Comment