MP Crime News: शनिवार तड़के सागर-दमोह रोड पर सानौधा के पास एक कार में आग लगने से महिला की संदिग्ध हालात में मौत का रहस्य उजागर हो गया है। पति के अफेयर का भंडाफोड़ होने के कारण दोनों के बीच विवाद हो रहे थे। घटना की रात भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ और पति डॉ. नीलेश ने पत्नी सीमा का गला घोंट कर हत्या कर दी।
पति ने की पत्नी की हत्या
बाद में उसने कार में आग लगाकर मौत को दुर्घटना दिखाने की कोशिश की लेकिन पुलिस ने साजिश का भंडाफोड़ कर दिया। पुलिस ने सोमवार को डॉक्टर पति समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को पूछताछ से पता चला कि आरोपी नीलेश ने घर में पत्नी सीमा का गला घोंटा और गढ़ाकोटा से 50 किमी दूर चनाटोरिया आकर पेट्रोल डालकर कार को आग लगा दी।
आरोपियों ने हत्या को हादसा बनाने की कोशिश की लेकिन वारदात स्थल पर मिले साक्ष्यों से आरोपी पकड़े गए। एडिशनल एसपी लोकेश सिंहा ने बताया कि नीलेश कुर्मी घटना की रात (20 मार्च) करीब 2 बजे घर पहुंचा। पत्नी ने देर से आने का कारण पूछा तो विवाद शुरू हो गया। विवाद इतना बढ़ा की आरोपी नीलेश ने पत्नी सीमा कुर्मी का गला घोंट दिया। जिससे वह अचेत हो गई। यह देख नीलेश घबरा गया। उसने मकान में किराए से रहने वाले रामकृष्ण और शुभम पटेल को बुला कर बताया कि सीमा को हार्ट अटैक आया है।
अस्पताल ले चलते है। दोनों की मदद से सीमा को कार में बैठाया। तभी घर में मौजूद बेटी जाग गई। यह देख नीलेश ने उसे बताया कि मां की तबीयत खराब है, उन्हें अस्पताल ले जा रहे हैं। फिर वह सागर की ओर निकल गया। इसी बीच रास्ते में उसने अपने ससुर और साले को फोन लगाकर सीमा की तबीयत खराब होने की बात कही। फिर चनाटौरिया के पास सुबह 4 बजे कार को जला दिया।
बीएसएफ की ट्रेनिंग ले चुका है आरोपी
पुलिस की पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी डॉ. नीलेश का अफेयर गढ़ाकोटा क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली युवती से था। युवती क्लीनिक पर आती रहती थी। सीमा को पति पर संदेह था और उनके बीच अक्सर विवाद होते थे। डॉ. नीलेश के साथ कार में मौजूद रामकृष्ण पटेल और शुभम पटेल ने सब कुछ जानते हुए भी नीलेश की मदद की और पुलिस को कुछ नहीं बताया। इसलिए पुलिस ने दोनों को सह आरोपी बनाया है।
ये भी पढ़े-
Singrauli Mada News: माड़ा सुलियरी के पास हुए सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत, दो घायल
Singrauli Waidhan Fighter Jet: सिंगरौली के आसमान में फाइटर जेट की एंट्री, देखते ही लोग रह गए हैरान