गलतफहमी बनी हिंसा की वजह, Adani Power Plant में हार्ट अटैक से हुई थी मजदूर की मौत

Adani Power Plant singrauli: सिंगरौली जिले के अडाणी पावर प्लांट में शनिवार को हुआ हंगामा और तोड़फोड़ की घटना अब एक अफवाह का परिणाम सामने आई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, प्लांट में कार्यरत झारखंड निवासी मजदूर लल्लन सिंह की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई थी। बाद में मेडिकल जांच में स्पष्ट हुआ कि उनकी मौत हार्ट अटैक से हुई थी, लेकिन मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों को यह गलतफहमी हो गई कि उनकी जान किसी कार्यस्थल दुर्घटना में गई है।

हार्ट अटैक से हुई थी मजदूर की मौत

इसी गलतफहमी ने धीरे-धीरे अफवाह का रूप ले लिया और मजदूरों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए मजदूरों ने प्लांट परिसर में जमकर हंगामा किया। कुछ स्थानों पर तोड़फोड़ की गई और आगजनी की घटनाएं भी सामने आईं। हालात इतने बिगड़ गए कि मौके पर पुलिस और प्रशासन को हस्तक्षेप करना पड़ा।

कंपनी प्रबंधन के अनुसार, लल्लन सिंह की तबीयत अचानक खराब हुई थी, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी हार्ट अटैक को ही मौत का कारण बताया गया है। प्रबंधन का कहना है कि घटना पूरी तरह से प्राकृतिक थी और इसका कार्यस्थल दुर्घटना से कोई संबंध नहीं था।

ये है सिंगरौली जिले का नया Eco Adventure Park, जाते ही दिल को मिलेगा सुकून

प्रशासन ने भी जांच के बाद स्पष्ट किया है कि मजदूर की मौत किसी हादसे में नहीं हुई थी। हालांकि, समय पर सही जानकारी न पहुंच पाने और अफवाह फैलने के कारण स्थिति बेकाबू हो गई। पुलिस ने मामले को शांत कराने के लिए हल्का बल प्रयोग भी किया और स्थिति को नियंत्रित किया गया।

इस घटना ने यह सवाल जरूर खड़ा कर दिया है कि बड़े औद्योगिक प्रतिष्ठानों में आपात स्थितियों के दौरान सूचना प्रबंधन कितना जरूरी है। यदि समय रहते सही जानकारी मजदूरों तक पहुंचाई जाती, तो शायद इस तरह की तोड़फोड़ और आगजनी की नौबत नहीं आती। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और प्लांट में कामकाज सामान्य हो गया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी सूचना पर बिना पुष्टि के विश्वास न करें और अफवाहों से बचें, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।

ये भी पढ़े-

ये है सिंगरौली जिले का नया Eco Adventure Park, जाते ही दिल को मिलेगा सुकून

Leave a Comment