Singrauli News : जिले के चितरंगी क्षेत्र में स्थित ऐतिहासिक वर्दी के किले को पर्यटन स्थल के रुप में विकसित किया जाएगा। मकर संक्रांति पर्व पर वर्दी में लगने वाले परंपरागत मेले की व्यवस्थाओं का मुआयना करने के लिए कलेक्टर
गौरव बैनल सोमवार को वर्दी पहुंचे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र को विलेज टूरिज्म, होम स्टे, कैंपिंग जैसे पर्यटन के नए आयामों को महिला स्व सहायता समूह एवं स्थानीय नागरिकों की मदद से विकसित किया जाएगा। कलेक्टर ने कहाकि चितरंगी क्षेत्र में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं, जिनको विकसित, संरक्षित कर सुंदरता के साथ रखरखाव किया जाएगा।

मेले में सुरक्षा के रखे प्रबंध
सोन और गोपद नदी के संगम स्थल पर लगने वाले मेले में किसी तरह की लापरवाही नहीं चलेगी। कलेक्टर ने पर्याप्त मात्रा में पुलिस बल के अलावा, एसडीआरएफ और गोताखोरों को तैनात किए जाने के निर्देश दिए हैं। बर्दी के अलावा सरई, माड़ा, देवसर, मोरवा आदि जगहों पर लगने वाले मेलों में भी सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता प्रबंध रखने को कहा गया है। इस दौरान चितरंगी एसडीएम सौरभ मिश्रा, तहसीलदार ऋषि नरायण सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।