Singrauli News : प्राकृतिक स्थलों, पहाड़ों व जंगलों को छोड़ दें तो सिंगरौली में ऐसे पर्यटक स्थल नहीं है जो योजना बनाकर विधिवत विकसित किए गए हों। कुछेक साल पहले माड़ा में ईको पार्क विकसित करने के साथ मुड़वानी डैम के किनारे पाथवे बनाकर झील में नौकायन आदि की सुविधा शुरू की गई थी। इनके अलावा पर्यटन के लिहाज से किसी और स्थल का विकास करने का प्रयास नहीं हुआ था। जिले के लोगों के पास तफरीह के ऐसे स्थलों की कमी को देखते हुए और सिंगरौली में पर्यटन की असीम संभावनाओं के मद्देनजर कलेक्टर गौरव बैनल ने इन दोनों स्थलों का नए सिरे से कायाकल्प करने की पहल की है। इस क्रम में उनके बुलावे पर मध्य प्रदेश टूरिज्म के अधिकारियों व कंसलटेंट की छह सदस्यीय टीम शुक्रवार को सिंगरौली पहुंची। टीम के सभी सदस्यों ने मुड़वानी डैम, झील और उसके आसपास स्थित पहाड़ियों का निरीक्षण किया। प्रस्तावित कार्ययोजना द्वारा न केवल क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता का संरक्षण किया जाएगा, बल्कि स्थानीय रोजगार एवं आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जा सकेगा। टीम को इसी नजरिये से विकास का खाका तैयार करने की जिम्मेदारी दी गई है। यह टीम शनिवार को माड़ा ईको पार्क और उसे आसपास की गुफाओं का भ्रमण कर विकास व सुंदरीकरण के बिंदु तय करेगी।
मुड़वानी डैम परिसर में कराए जाएंगे ये प्रमुख कार्य
मुड़वानी परिसर के विकास एवं सौंदर्याकरण की प्रारंभिक कार्ययोजना के अनुसार डैम झील के चारों ओर सुंदर एवं सुरक्षित पैदल पथ (पाथवे) का रेनोवेशन कार्य, पर्यटकों के विश्राम हेतु आकर्षक गजेबो, प्राकृतिक दृश्यावलोकन के लिए व्यू प्वाइंट्स, पर्यावरण के अनुरूप स्टोन से निर्मित सिटिंग बेंच एवं बैठक व्यवस्था, नेचर थीम बेस्ड स्कल्पचर बेस्ड पैसेज डेवलपमेंट होगा। इसके साथ जल संरक्षण एवं कटाव रोकने के लिए स्टोन पिचिंग व वाटर रिटेनिंग स्ट्रक्चर भी बनाया जाएगा। पर्यटकों के आकर्षण के लिए म्यूजिकल फाउंटेन स्थापित करने की भी योजना है। संपूर्ण परिसर में आधुनिक एवं सौंदर्यपूर्ण लाइटिंग, लैंडस्केपिंग, हरियाली विकास, सूचना साइन बोर्ड, स्वच्छता एवं अन्य सहायक पर्यटन सुविधाएं विकसित होंगी।
मुड़वानी की तरह माड़ा ईको पार्क भी होगा विकसित
मुड़वानी डैम परिसर की तरह माड़ा ईको पार्क का भी विकास एवं सौंदर्याकरण कराया जाएगा। दरअसल योजना यह है कि इन स्थलों की प्राकृतिक बनावट में किसी तरह का बदलाव न करते हुए इनके भूगोल के अनुसार इन्हें पर्यटन के केंद्र के रूप में विकसित किया जाए। जहां पर्यटकों के तफरीह से लेकर रुकने, बैठने, पिकनिक मनाने जैसी सुविधाएं उपलब्ध रहें। एमपी टूरिज्म की टीम माड़ा क्षेत्र का भ्रमण कर उसकी प्राकृतिक संरचना के अनुसार विकास की योजना बनाएगी।
इनका कहना है
इस परियोजना के पूर्ण होने से मुड़वानी डैम सिंगरौली का एक प्रमुख पर्यटन केंद्र बन सकेगा। जिससे बाहर से आने वाले पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होगी व स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे। माड़ा ईको पार्क का विकास भी इसी तरह कराया जाएगा। इसके लिए टूरिज्म के अधिकारियों और कंसलटेंट को बुलाया गया है। इन स्थलों का विकास डीएमएफ या सीएसआर से कराने की योजना है।- गौरव बैनल, कलेक्टर सिंगरौली
Singrauli News : जिले के मार्केट में धड़ल्ले से बिक रहा है चाइनीज मांझा,रोकने की नहीं हैं कोई पहल