Singrauli News : वाहनों के बीच टक्कर की घटना एक भाजपा नेता को इतना नागवार गुजरी कि उन्होंने एक युवक के साथ बेरहमी से मारपीट कर उसे घायल कर दिया। मारपीट में गंभीर रूप से घायल हुए युवक सत्य नारायण वैश्य पिता शंकर प्रसाद वैश्य निवासी गदसा पोड़ी नौगई का इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है। पीड़ित ने बताया कि तीन दिन पहले सीधी-सिंगरौली सड़क का सर्वे दल आया हुआ था। सर्वे दल के साथ वह जा रहा था, तभी मोरवा में एनसीएल मुख्यालय के पास गाड़ी में टक्कर हो गयी, उसी बात से नाराज होकर भाजपा मंडल अध्यक्ष विनोद सिंह कुरुवंशी अपने साथियों के साथ आए और गाली-गलौज करते हुए बेरहमी से मारपीट करने के बाद वहां से चले गये।
मोरवा में दबदबा इतना कि वैढ़न में दर्ज हुई रिपोर्ट
भाजपा नेता का मोरवा थाना पुलिस में इतना जलजला है कि पीड़ित तीन दिनों तक रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए गुहार लगाता रहा लेकिन उसकी रिपोर्ट मोरवा में दर्ज नहीं हुई। मामले ने जब जोर पकड़ा और पुलिस की कार्यप्रणाली पर लोगों ने सवाल खड़े करने शुरू किये, तब जाकर पीड़ित की शिकायत पर वैढ़न कोतवाली में जीरो नंबर पर मामला दर्ज किया गया। लोगों का कहना है कि मोरवा थाना पुलिस पीड़ित की रिपोर्ट दर्ज करने की बजाय उसको ही धमकी दे रही है।
पुलिस ने रिपोर्ट लिखने से किया मना
मारपीट में घायल युवक शिकायत लेकर मोरवा थाने पहुंचा, जहां पर भाजपा नेता पहले से मौजूद था। भाजपा नेता ने थाना प्रभारी को रिपोर्ट दर्ज करने से मना कर दिया, जिससे पीड़ित युवक की रिपोर्ट तक नहीं लिखी गई। युवक की आंख और गर्दन में गंभीर चोट पहुंची है, वहीं आरोपियों ने युवक की कार में भी जमकर तोड़फोड़ की, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल निर्मित रहा। जान बचाने के लिए लोग इधर-उधर भागे। पीड़ित का कहना है कि भाजपा नेता और उसके सहयोगियों के खिलाफ मामला दर्ज किया जाए।
वैश्य समाज में आक्रोश युवक के साथ बेरहमी से मारपीट किए
जाने और पुलिस द्वारा रिपोर्ट दर्ज न किए जाने से वैश्य समाज के लोगों में आक्रोश व्याप्त है। समाज के लोग एकजुट होकर भाजपा नेता और पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है। समाज के लोगों का कहना है कि राजनीतिक दबाव के चलते पुलिस पहले मामला दर्ज करने से बचती रही, किसी तरह से मामला दर्ज किया तो उसमें भी सामान्य धाराएं लगायी हैं, जबकि सत्यनारायण पर प्राणघातक हमला किया गया है। पुलिस गंभीर धाराएं लगाने से भी पीछे हट रही है।
इनका कहना है
तीन दिन पहले दो लोगों के बीच विवाद हुआ था। दोनों पक्ष के लोग शिकायत लेकर थाने आए लेकिन बाद में आपसी सुलह-समझौता कर लिया, किसी ने भी शिकायत नहीं दी। शिकायत न करने से कोई मामला दर्ज नहीं किया गया। – एनपी तिवारी, प्रभारी मोरवा थाना
मोरवा में युवक के साथ मारपीट करने वालों के खिलाफ आज रविवार को जीरो नंबर पर मामला दर्ज किया गया है। साधारण मारपीट का मामला दर्ज कर केस डायरी आगे की कार्रवाई के लिए मोरवा थाना भेजी जाएगी। – उदय करिहार, प्रभारी कोतवाली थाना