Singrauli News : सिंगरौली की मॉडल रोड बनी गड्ढों वाली सड़क,लोग परेशान 

Singrauli News :  पिछले 13 सालों से बन रही सीधी-सिंगरौली फोरलेन खराब होने को लेकर लोग उलाहना देते थे, लेकिन मरम्मत होने से सड़क अब चलने लायक हो गई है। वहीं बात की जाए शहर की प्रमुख सड़कों की तो शहर की सभी सड़कें उखड़ चुकी है। नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारियों और माननीयों ने दावा किया था कि बरसात का क्रम रुकते ही उखड़ी सड़कों की मरम्मत व सुधार कार्य शुरु कर दिया जाएगा लेकिन बरसात का मौसम समाप्त हुए तीन माह बीत गए, लेकिन एक भी सड़क की मरम्मत नहीं शुरु हो पाई है। शहर की जिस मॉडल रोड पर लोगों को गुमान था और चर्चा होती थी, वहीं मॉडल रोड अब लोगों के लिए मुसीबत बन गई है। जगह-जगह से उखड़ी मॉडल रोड पर चलना मुश्किल हो गया है। सड़क में इतने बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं कि वाहन चालक आए दिन सड़क हादसे का शिकार हो रहे हैं।

एक माह पूर्व प्रभारी मंत्री ने दिए थे मरम्मत कराने के निर्देश

शहर की प्रमुख मॉडल रोड की खस्ताहाल देखकर जिले की प्रभारी मंत्री संपतिया उइके जब पिछले माह जिले के दौरे पर आई थीं तो उन्होंने सड़क की मरम्मत जल्द से जल्द कराने के आदेश दिया था। प्रभारी मंत्री दूसरे माह दौरे पर आई लेकिन सड़क की न तो मरम्मत हो पाई और न नया निर्माण कराने के लिए स्वीकृति मिल पाई। माजन मोड़ से विंध्यनगर तक सड़क की बदहाली के चलते ही इस बार जिले के दौरे पर आई प्रभारी मंत्री सूर्या भवन न जाकर मोखा हाउस में ठहरने के लिए गई हैं।

सीवर और गैस पाइप लाइन वालों ने भी पहुंचाई क्षति

शहर की प्रमुख मॉडल रोड को इस हालात में पहुंचाने के लिए गैस और सीवर लाइन बिछाने वाले संविदाकार भी पीछे नहीं रहे। सीवर लाइन और गैस पाइप लाइन बिछाने के लिए सड़क को जगह-जगह से खोद दिया गया है, लेकिन सुधार कार्य नहीं किया गया। कुछ जगहों पर सुधार कार्य किया जरूर गया है, लेकिन वह इतना घटिया है कि रोड उखड़ने लगी। बदहाल हो चुकी मॅडल रोड की मरम्मत व नया निर्माण कार्य कब शुरु हो पायेगा, यह बताने के लिए नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारी और माननीय तैयार नहीं है।

धूल से हलाकान हैं व्यापारी और पब्लिक

मॉडल रोड के जितने बुरे हालात वर्तमान में हैं, इतने बुरे हालात में सड़क कभी नहीं रही। जगह-जगह से उखड़ चुकी सड़क से जब चार पहिया वाहन गुजरते हैं, तो सड़क धूल से सन जाती है। सड़क से उड़ने वाली धूल दुकानों में समा जाती है, जिससे दुकानदार परेशान हैं। वहीं सड़क पर पैदल चलने वाले लोग धूल से सन जाते हैं। पिछले साल बरसात समाप्त होने के बाद सड़क की मरम्मत करवाई गई थी लेकिन मरम्मत का काम इतना घटिया था कि इस साल की पहली बरसात में ही पूरी सड़क उखड़ गई और आज तक सड़क की मरम्मत कराने की सुध नहीं ली गई है।

हादसे का शिकार हो रहे वाहन चालक

शहर की प्रमुख सड़कों में से मॉडल रोड, माजन मोड़, परसौना और माजन से निगाही रोड पर कई जगहों पर इतने बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं कि वाहन चालक हादसे का शिकार हो रहे हैं। सड़क के गड्डों को बचाने के चक्कर में कई बार वाहन अनियंत्रित होकर पलट जाते हैं, जिससे वाहनों में सवार लोग घायल हो रहे हैं। गड्डों के अलावा सड़क में अवैध रुप से लोडिंग वाहन पार्क किए जाते हैं, जिससे हर समय सड़क में जाम के हालात बने रहते हैं। जिसकी तरफ प्रशासनिक अधिकारियों का ध्यान नहीं जा रहा है।

क्या कहते हैं लोग

मॉडल रोड अब चलने लायक नहीं बची है। सड़क के इतने बुरे हालात कभी नहीं थे, सड़क की मरम्मत न होने से आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं और लोग घायल हो रहे हैं। -मोहम्मद इमरान, बैढ़न

कभी सीधी-सिंगरौली सड़क इतनी खराब थी कि उस सड़क पर जाने का मन नहीं करता था। आज शहर की सड़कें उससे भी बदतर हालत में हैं, जिनका सुधार कार्य होना जरुरी है। -विश्वनाथ दुबे, हरई 

बरसात का मौसम समाप्त हुए 3 माह हो गया लेकिन बरसात में खराब हुई शहर की सड़कों को बनवाने के लिए कोई ध्यान नहीं दे रहा है। पब्लिक परेशान हो रही है, जिसकी तरफ किसी का ध्यान नहीं जा रहा है।-रजनीश शाह, बिलौजी 

Rakasganda Waterfall : एमपी, यूपी के पास छत्तीसगढ़ में स्थित रकसगंडा वॉटरफॉल नए साल में घूमने का मिलेगा अलग ही फील 

Leave a Comment