Sports Complex In Singrauli : जिला मुख्यालय वैढ़न में बहुप्रतीक्षित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का सपना जल्द ही पूरा हो सकता है। इस जरूरत को लेकर कलेक्टर गौरव बैनल ने पहल की है। उन्होंने एनसीएल ग्राउंड बैढ़न में स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स के निर्माण की योजना को मूर्त रूप देने की कवायद शुरू कर दी है। इस क्रम में डीपीआर तैयार हो गया है। फिलहाल इसके निर्माण पर छह से सात करोड़ रुपये व्यय होने का अनुमान है। बुधवार को कलेक्टर गौरव बैनल ने इसकी जानकारी दी।
बताया कि यहां पर शासकीय स्कूलों और छात्रावासों में पढ़ने-रहने वाले बच्चे-बच्चियों के खेलकूद के लिए ढंग के मैदान एवं व्यवस्थायें नहीं हैं। ऐसे में एक स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स की जरूरत को देखते हुए उन्होंने इसकी प्रारंभिक योजना तैयार कराई है। इसमें जिला अस्पताल के बगल में स्थित एनसीएल ग्राउंड में दो से तीन एकड़ क्षेत्रफल में स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स का हाउसिंग बोर्ड से डीपीआर तैयार कराया गया है। एनसीएल सीएसआर मद से इसका निर्माण कराएगा। इस पर 6 से 7 करोड़ व्यय का प्रारंभिक अनुमान लगाया गया है।
पांच खेलों के अलावा भी अन्य इंडोर गेम्स भी
दो से तीन एकड़ में बनने वाले प्रस्तावित स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में टेनिस व बैडमिंटन के प्रशिक्षण और मैचों के लिए चार-चार कोर्ट बनाए जाएंगे। इसके अलावा हाफ लेन स्वीमिंग पूल भी होगा। अभी इसकी व्यवस्था एनसीएल व होटलों में ही बताई जाती है। क्रिकेट के प्रशिक्षण के लिए क्रिकेट की दो पिच होंगी। टेबल टेनिस खेलने की भी सभी जरूरी व्यवस्थायें यहां उपलब्ध होंगी। कॉम्पलेक्स में बनने वाले तीन भवनों में चेस और कैरम जैसे अन्य इंडोर गेम्स के भी आगे इंतजाम किए जा सकेंगे।
स्कूली बच्चों के प्रशिक्षण की होगी व्यवस्था
स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में आने वाले शासकीय स्कूलों व छात्रावासों के छात्र-छात्राओं के साथ शहर के बच्चों के लिए इन खेलों के प्रशिक्षण की भी व्यवस्था रहेगी। अभी इसका फाइनल ब्लूप्रिंट नहीं तैयार है, मगर ये माना जा रहा है कि जिले में इन खेलों का प्रशिक्षण देने वाले प्रोफेशनल ट्रेनर व फिजिकल एजुकेशन के शिक्षकों को भी इससे जोड़ा जाएगा। इन पांच खेलों के यहां जिलास्तरीय आयोजन भी हो सकेंगे।
सेंट जोसेफ के ठीक सामने होगा निर्माण
प्रस्तावित स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स के लिए एनसीएल ग्राउंड वैढ़न में सेंट जोसेफ स्कूल के ठीक सामने स्थित जमीन को चिन्हित किया गया है। यानी इसका निर्माण ग्राउंड के उत्तरी पश्चिमी हिस्से में एक तरफ कराया जाएगा। इसमें आने-जाने के लिए दो तरफ से सड़क की सुविधा रहेगी। इसका निर्माण नए वित्त वर्ष तक शुरू होने की उम्मीद है। इसके बन जाने से वैढ़न और आसपास के बच्चों को सहूलियत होगी। इसके अलावा जयंत के विजय स्टेडियम में सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक बनाने की तैयारी है। इसके लिए स्पोट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया से अनुरोध किया जाएगा।
इनका कहना है
वेढ़न में एक स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स होना जरूरी है. ताकि यहां के शासकीय स्कूलों व छात्रावासों के स्टूडेंट्स के साथ शहर के बच्चों के लिए पांच-छह खेलों को खेलने की व्यवस्था हो। इसकी प्रारंभिक योजना तैयार है। जल्द ही अमल किया जाएगा। – गौरव बैनल, कलेक्टर सिंगरौली