Singrauli News : जिले की सड़कों पर होने वाले सड़क हादसों में किसी तरह की रोक नहीं लग पा रही है। बेलगाम गति से भागते वाहनों के चलते आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं। बुधवार की शाम को चितरंगी थाना क्षेत्र के झोखो गोपद पुल के पास हुए एक भीषण सड़क हादसे में बारात से लौट रहे स्विफ्ट कार सवार पति-पत्नी की मौके पर मौत हो गई और बेटी गंभीर रुप से घायल हो गई है। जिसे इलाज के लिए रीवा मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया है। बताया जा रहा है कि कचनी निवासी गायत्री तिवारी 48 साल, उनकी पत्नी ममता तिवारी 45 साल और बेटी नेहा तिवारी 23 साल के साथ हनुमना में आयोजित पारिवारिक विवाह समारोह में शामिल होकर वापस वैढ़न लौट रहे थे, तभी उनका वाहन हादसे का शिकार हो गया, जिसमें पति-पत्नी की मौत हो गई.
बेटा इंदौर में पढ़ रहा
बताया जा रहा है कि गायत्री तिवारी एक निजी ट्रैक्टर एजेंसी में पदस्थ थे, उनका बेटा इंदौर में रहकर परीक्षा की तैयारी कर रहा है। वहीं बेटी की शादी भी तय थी, मूल रुप से यूपी हडिया के रहने वाले थे और जिला मुख्यालय वैढ़न के कचनी क्षेत्र मैं किराये के मकान में रहते थे। हादसे की जानकारी मिलने के बाद बेटा गुरुवार को वैढ़न पहुंच गया। पति-पत्नी की सड़क हादसे में मौत होने से परिवार के लोगों के साथ मोहल्ले के लोगों में भी शोक है। हादसे के बाद चितरंगी थाना पुलिस एक्सीडेंट का मामला दर्ज कर जांच कर रही है।
ओवरटेक करने के चक्कर में हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि हादसा बोलेरो चालक की गलती के चलते हुआ है। बोलेरो चालक इतनी तेज गति में था कि वह स्विफ्ट कार को ओवरटेक कर रहा था, उसी समय चालक नियंत्रण खो बैठा और बोलेरो सीधे कार से टकरा गई, जिससे कार के सामने का हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। हादसे को अंजाम देने के बाद बोलेरो चालक फरार बताया जा रहा है। सूचना मिलने के बाद झोखों यातायात चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और सभी प्रभावितों को जिला अस्पताल सीधी पहुंचाया, जहां पर परीक्षण के बाद पति-पत्नी को मृत घोषित कर दिया गया। गंभीर रुप से घायल बेटी को रीवा मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया है।
Singrauli में दो सांपों का ‘कॉम्बैट डांस’, खेत में दिखा अनोखा नजारा, वीडियो वायरल